मुंबई, 9 मार्च
सचिन तेंदुलकर को भारत में खेलों का सबसे प्रभावशाली व्यक्ति चुना गया है। स्पोर्ट्स इलस्ट्रेटेड की प्रभावशाली व्यक्तियों की सालाना सूची में खेलों से जुड़े 50 लोगों को शामिल किया गया है, जिसमें तेंदुलकर टॉप पर हैं। सचिन के बाद आईपीएल अध्यक्ष ललित मोदी दूसरे तथा आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू के मालिक और लिकर किंग विजय माल्या तीसरे नंबर पर हैं।
इस लिस्ट में केंद्रीय कृषि मंत्री और आईसीसी के भावी अध्यक्ष शरद पवार चौथे, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पांचवें और बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर छठे नंबर पर हैं। भारतीय खेलों के 50 प्रभावशाली व्यक्तियों में से कुछ लोगों को सोमवार रात मुंबई में सम्मानित भी किया गया। इनमें तेंदुलकर, टेनिस तारिका सानिया मिर्जा (सूची में 50वें नंबर पर), बीजिंग ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा (41वें), चर्चिल ब्रदर्स टीम के मालिक चर्चिल अलेमाओ (48वें) और डेम्पो स्पोर्ट्स टीम के मालिक श्रीनिवास डेम्पो (49वें नंबर) भी शामिल थे।
इस मौके पर बोलते हुये तेंदुलकर ने कहा कि मैं देश के लिए दिल से क्रिकेट खेलना चाहता था। मैं अपने सपने को जी रहा हूं। तेंदुलकर ने कहा कि वे तीन पीढि़यों के साथ क्रिकेट खेल रहे हैं। सचिन ने कहा कि मैं टीम का खास सदस्य बनना चाहता था और ऐसा हुआ। उन्होंने कहा कि वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाला पहला बल्लेबाज बनने के लिए उन्हें अब भी बधाई संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वनडे में दोहरा शतक लगाने में कई साल लग गए। मुझे अब भी इसके लिए संदेश मिल रहे हैं और उसे लेकर मैं बहुत रोमांचित हूं।
ओलंपिक खेलों का भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले अभिनव बिन्द्रा ने इस सवाल पर कि अपने आप को शांत और एकाग्र कैसे रख पाते हैं, उन्होंने जवाब दिया, 'मैंने इसके लिए 16 साल इतंजार किया है।' इस बीच, कलाई की चोट से परेशान टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा ने कहा कि वह ठीक होने की प्रक्रिया में हैं और जल्दी ही राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी शुरू करेंगी। सानिया ने कहा, 'मैं चोट से उबर रही हूं और अगले कुछ सप्ताह में वापसी कर सकती हूं।' इस अवसर पर आईपीएल की किंग्स इलेवन पंजाब टीम की सह मालिकन प्रीति जिंटा को हीरो की एक क्रिकेट की गेंद भेंट की गई। प्रीति जिंटा को सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची में 23वें स्थान पर रखा गया है।