कराची, 9 मार्च
पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने कहा है कि कैरेबियाई सरजमीं पर इस साल होने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप में पाकिस्तानी टीम की कप्तानी के लिए हरफनमौला खिलाड़ी शाहिद अफरीदी सबसे उपयुक्त हैं।
रमीज ने कहा कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट में एक सफल कप्तान बनने के लिए जिन चीजों की जरूरत है, वे सब उनके पास हैं। उन्होंने कहा आगामी ट्वेंटी-20 विश्व कप में कप्तानी के लिए उनकी पहली पसंद अफरीदी हैं।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' को दिए साक्षात्कार में रमीज ने कहा, "कप्तान के लिए मेरी पहली पसंद अफरीदी हैं। यहीं नहीं मैं उन्हें तीनों स्वरूप में टीम का कप्तान बनाने का हिमायती हूं।" रमीज ने कहा, "अफरीदी ने अपने को आक्रामक कप्तान साबित किया है। वह एक बेहतरीन ट्वेंटी-20 खिलाड़ी भी हैं। उन्हें ही टीम का कप्तान होना चाहिए।"