To read the match preview in English, please
click here.
किंग्स इलेवन के खिलाफ भारी है मुंबई इंडियंस का पलड़ा
डरबन, 28 अप्रैल
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या की ताबड़तोड़ पारी अब किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान युवराज सिंह को खौफ से भर सकती है। युवराज सिंह के सामने बड़ी चुनौती ये है कि जिस सचिन और सनथ के विस्फोटक अंदाज को देखकर वो बड़े हुए हैं, अब मैदान में उन्हीं से पार पाना है। हालांकि, युवराज सिंह का बल्ला भी किसी भी वक्त मैच का रुख मोड़ सकता है,लेकिन एक तो युवी अभी तक टूर्नामेंट में पूरे फॉर्म में नहीं दिखे हैं। और सच तो ये है कि सचिन-सनथ के आक्रमण का युवराज तो क्या दुनिया के किसी भी कप्तान के पास कोई जवाब नहीं है।
बारिश के कारण पहले दो मैच हारी युवराज की किंग्स इलेवन बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स और आईपीएल के पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपने अभियान को ढर्रे पर लाई है।
दूसरी ओर तेंदुलकर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस ने पिछले साल की उपविजेता चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर शानदार शुरुआत की थी। दूसरे मैच में बारिश के कारण उसे रॉयल्स के साथ अंक बाँटने पड़े। तीसरे मैच में तेंदुलकर की टीम को डेक्कन चार्जर्स ने हराया लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स को जिस अंदाज में 92 रनों से हराकर मुंबई ने वापसी की, उसने अब टूर्नामेंट की सभी टीमों में खौफ भर दिया है।
मुंबई इंडियंस के जेपी डुमिनी नाइट राइडर्स के खिलाफ अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके लेकिन दक्षिण अफ्रीका का यह युवा बल्लेबाज घरेलू दर्शकों के सामने फॉर्म में लौटने का यह मौका नहीं छोड़ना चाहेगा।
अभिषेक नायर और हरभजनसिंह सिंह भी आखिरी ओवरों में बड़े स्ट्रोक्स लगा सकते हैं। नाइट राइडर्स के खिलाफ तो हरभजन को सिर्फ इसलिए उपरी क्रम में भेजा गया। हरभजन ने भी शानदार 18 रन ठोंक डाले। मुंबई की गेंदबाजी भी दमदार है। लसिथ मलिंगा और जहीर खान के रूप में उनके पास खतरनाक जोड़ी है। ड्वेन ब्रावो, अभिषेक नायर, जयसूर्या और तेंदुलकर भी कामचलाऊ गेंदबाजी कर सकते हैं।
दूसरी ओर किंग्स इलेवन के बल्लेबाज लगातार अच्छा नहीं खेल पाए हैं। ट्वेंटी-20 क्रिकेट के बादशाह युवराज अभी तक फॉर्म में नहीं आए हैं, तो रवि बोपारा ने भी सिर्फ एक मैच में अपने जौहर दिखाए हैं।
रॉयल्स के खिलाफ जीत दिलाने में श्रीलंकाई विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा की जरुर अहम भूमिका रही। इरफान पठान ने बल्ले और गेंद दोनों के जौहर दिखाए हैं। वहीं गेंदबाजी में यूसुफ अब्दुल्ला भी कामयाब रहे हैं।
वैसे, आईपीएल टूर्नामेंट में किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस दोनों के लिए ये मैच अहम है क्योंकि इस मैच से पायी लय आगे के मुकाबलों में दोनों टीम को ऩए हौसलों से भर सकती है।