नयी दिल्ली, 4 मार्च
प्रीति जिंटा की फिल्मों से दूरी की वजह आईपीएल है। जी, अब आलोचक भले ही यह कहते रहें कि प्रीति के पास काम का टोटा है, लेकिन चुलबुली प्रीति कम से कम इस बात को मानने से इंकार करती हैं। प्रीति कहती हैं कि उन्होंने आईपीएल की वजह से पिछले तीन सालों से कोई फिल्म साइन नहीं की। वे कहती हैं कि आईपीएल में बहुत बिजी हैं और इसलिये फिल्मों में काम करने से बच रही हैं।
प्रीति ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है, 'मैं आईपीएल के बाद ही कोई नई फिल्म शुरू करूंगी। तब तक मेरा अपने प्रशंसकों से अनुरोध है कि वह मुझ पर विश्वास रखें और मेरा इंतजार करें। लेकिन, प्रीति जी यह तो बताइये कि आईपीएल तो हर साल चलने वाला है, ऐसे में अब आप फिल्मों के लिये वक्त मिल जायेगा।
हालांकि प्रीति अपने प्रशंसकों से जल्द ही सिल्वर स्क्रीन पर मिलने का वायदा भी करती हैं। प्रीति कहती हैं कि उन्हें कुछ स्क्रिप्ट पसंद आई थीं, लेकिन डेट्स की दिक्कत थी। उनका कहना है कि क्रिकेट कमिटमेंट मेरी पहली प्राथमिकता है।
लेकिन, फिल्मी जगत से जुड़े सूत्र प्रीति की इस बात से इत्तेफाक रखते नजर नहीं आते। सूत्रों का कहना है कि अब निर्माता प्रीति को अपनी फिल्मों में लेने के प्रति उत्साहित नहीं हैं। प्रीति 30 की उम्र पार कर चुकी हैं और नये दौर की नायिकाएं जेनीलिया और असिन उन्हें पीछे छोड़ रही हैं। इस समय प्रीति के पास सिर्फ एक फिल्म है - हर पल। जानू बरुआ की यह फिल्म लंबे समय से अटकी हुयी है। इस फिल्म में उनके अपोजिट हैं शाइनी आहूजा, जो खुद बलात्कार के आरोपों में घिरे हैं। साल 2008 में हीरोज एवं दीपा मेहता की फिल्म विदेश : हैवेन ऑन अर्थ फ्लॉप रही थीं, 2006 में करन जौहर की 'कभी अलविदा न कहना' उनकी आखिरी हिट फिल्म थी। पिछले साल सलमान और करीना की 'मैं और मिसेज खन्ना' में आइटम सांग हैप्पनिंग में उन्हें लोगों ने पसंद किया, पर प्रीति अब आइटम सांग नहीं करना चाहती हैं। वह यह साफ कर चुकी हैं कि अब वह गेस्ट एपीयरेंस नहीं देंगी।
प्रीति आगे लिखती हैं कि इस साल वे काफी नये काम करना चाहती हैं। प्रीति सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करना चाहती हैं। वे रील लाइफ में नहीं रियल लाइफ में खलनायकों को मात देना मेरा उद्देश्य रहेगा। हाल ही में उन्होंने ऋषिकेश में 34 लड़कियों को गोद लिया है। स्वयंसेवी संगठन लुम्बा ट्रस्ट ने उन्हें अपना राजदूत बनाया है। स्वयं को अपडेट करने के लिए हावर्ड बिजनेस स्कूल से पिछले दिनों उन्होंने शार्ट कोर्स भी किया है। क्रिकेट बेस्ड शो बिहाइंड द सीम विद प्रीति जिंटा में वह एंकर की भूमिका में नजर आएंगी। प्रीति लिखती हैं कि उनके इस शो में लोगों को काफी कुछ नया मिलेगा, इसलिए इंतजार कीजिए।