To read match preview in English, pleae
click here.
सहवाग रोक पाएंगे डेक्कन चार्जर्स का विजयरथ !
सेंचुरियन, 29 अप्रैल।
इन दोनों टीमों में से आप किसी को कम नहीं आंक सकते। ये अलग बात है कि एक टीम का विजयरथ अभी तक रुका नहीं है,जबकि दूसरी टीम को पिछले मुकाबले में टूर्नामेंट की पहली शिकस्त झेलनी पड़ी थी। बात हो रही है एडम गिलक्रिस्ट की डेक्कन चार्जर्स और वीरेन्द्र सहवाग की दिल्ली डेयरडेविल्स की। दिल्ली डेयरडेविल्स ने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के हाथों आईपीएल के दूसरे सीजन में पहली शिकस्त झेली। ऐसे में,सहवाग के धुरंधरों के सामने बड़ी चुनौती डेक्कन चार्जर्स के विजय अभियान को रोकने की होगी।
अंक तालिका में दोनों टीमे फिलहाल सबसे ऊपर हैं। इस बात से इनकी ताकत का भी अंदाज लगाया जा सकता है। एडम गिलक्रिस्ट की अगुआई वाली डेक्कन चार्जर्स चारों मैच जीतकर शीर्ष पर है जबकि वीरेंद्र सहवाग के डेयर डेविल्स ने चार में से तीन मैच जीते हैं।
आईपीएल के पहले सत्र में फिसड्डी साबित हुए डेक्कन चार्जर्स ने इस बार पूरी तरह बदले हुए तेवर दिखाये हैं और किसी भी टीम को अपने पर भारी साबित नहीं होने दिया। दूसरी ओर खिताब की प्रबल दावेदार डेयर डेविल्स ने उसके साथ कदमताल तो की है लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने उसे पाँच विकेट से हराकर खतरे की घंटी जरुर बजा दी। हालांकि,यहां सहवाग का बयान उल्लेखनीय है कि अगर युसुफ पठान छक्कों की झड़ी लगा दे कोई गेंदबाज कुछ नहीं कर सकता। लेकिन, एक सच ये भी है कि सहवाग और गौतम गंभीर की खतरनाक जोड़ी अपनी ख्याति के मुताबिक आईपीएल में नहीं खेल पाई है जबकि डेनियल विटोरी जैसे अनुभवी गेंदबाज भी महँगे साबित हुए है। सहवाग ने खुद भी माना कि उन्हें इस पर मेहनत करनी होगी। उनके गेंदबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन यूसुफ पठान ने सभी की बखिया उधेड़ डाली।
डेक्कन की ताकत उसके कप्तान गिलक्रिस्ट और दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज हर्शल गिब्स का शानदार फॉर्म है। गेंदबाजी में आरपी सिंह भी सुपर फॉर्म में हैं। गिलक्रिस्ट हालाँकि इस मैच में वीवीएस लक्ष्मण और रोहित शर्मा से भी अच्छी पारियों की उम्मीद कर रहे होंगे।
दिल्ली के लिए एबी डिविलियर्स ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन गंभीर और सहवाग अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल पाए। मिथुन मन्हास ने पिछले मैच में 23 रन बनाए जबकि तिलकरत्ने दिलशान और दिनेश कार्तिक ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
किंग्स इलेवन पंजाब को वर्षाबाधित पहले मैच में दस विकेट से हराने के बाद डेयर डेविल्स ने महेंद्रसिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स को नौ रन से मात दी। उसके बाद बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई लेकिन चौथा मैच हार गई। दूसरी ओर पहले ही मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से हराने वाले चार्जर्स ने बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स मुंबई इंडियंस और चेन्नई जैसी टीमों को हराकर अपना लोहा मनवाया है। अब उसके निशाने पर डेयर डेविल्स होंगे।
कुल मिलाकर सेंचुरियन में ये दोनों टीमें भिडेंगी तो एक दिलचस्प मुकाबला सामने आएगा,जिसके नतीजे के बारे में कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती।