दक्षिण अफ्रीका में महेन्द्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स को जिताने के लिए जिस वक्त चौके छक्के की बरसात कर रहे होंगे, उस वक्त क्या उनके इस अंदाज को देखने के लिए उनकी कथित गर्लफ्रेंड लक्ष्मीराय भी वहां मौजूद होंगी। मुंबइया फिल्मों के भीतर की ख़बर रखने वाले पत्रकारों की मानें तो कुछ मैचों को देखने के लिए लक्ष्मी दक्षिण अफ्रीका पहुंच सकती हैं। माही से उनकी नजदीकियों की खबरें लगातार सुर्खियां बनती रही हैं, और अब अगर वो आईपीएल के मैच देखने के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचती हैं, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी।
दिलचस्प है कि दक्षिण भारतीय अभिनेत्री लक्ष्मी राय के महेन्द्र सिंह धोनी से कथित रिश्तों के खुलासे के बाद उनके पास बॉलीवुड फिल्मों का अंबार लग गया है। इसी सिलसिले में लक्ष्मी अब मुंबई शिफ्ट हो गई हैं। पहले वो चेन्नई में रहती थीं, लेकिन वहां रहते हुए बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग मुश्किल हो रही थी, लिहाजा लक्ष्मी मुंबई में बस गई हैं।
लक्ष्मी और धोनी के संबंधों की बात दिसंबर में सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक, पद्म सम्मान समारोह वाले दिन भी धोनी ने लक्ष्मी के साथ डिनर लिया था।
वैसे, भारतीय टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी से किसी बॉलीवुड अभिनेत्री का नाम जुड़ रहा है, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है। लेकिन, अब सवाल बस यही है कि ये संबंध कितने गहरे हैं , और कितनी दूर तक चलेंगे। फिलहाल, अगर लक्ष्मी आईपीएल देखने के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंचती हैं, तो इस आग को और हवा मिलना तय है।