अगर आप महिला हैं। दोस्तों के बीच 'खूबूसरत बाला' के रुप में जानी जाती है। आपकी बॉलीवुड में हीरोइन बनने की ख्वाहिश है। तो बस आप दक्षिण अफ्रीका का टिकट लीजिए, और स्टेडियम में मैच देखिए। इसके बाद, किस्मत ने साथ दिया तो आपकी बॉलीवुड में एंट्री पक्की है।
जी हां, बॉलीवुड के बादशाह ने आईपीएल के दौरान एक मुकाबला कराने की ठानी है, जिसकी विजेता को बॉलीवुड की किसी फिल्म में रोल दिलाया जाएगा। शाहरुख के मुताबिक, हर मुकाबले के दौरान दर्शकों में से एक लड़की का चयन 'मिस बॉलीवुड ऑफ द डे' के रुप में किया जाएगा। टूर्नामेंट के 56 मैचों में से 45 लड़कियां चुनी जाएंगी और उनमें से किसी एक लड़की का चयन मिस आईपीएल दक्षिण अफ्रीका के रुप में होगा।
इस मिस आईपीएल को 50 हजार रैंड का इनाम भी मिलेगा और किसी फिल्म में रोल भी। इतना ही नहीं, बॉलीवुड के तमाम सितारों से उसे मिलवाया जाएगा।
अब,शाहरुख खान के दिमाग की उपज है ये कांटेस्ट तो माना जाना चाहिए कि इनाम भी मिलेगा ही। शाहरुख खान खुद अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले हर साल फिल्म बना रहे हैं, और उनकी टोली में करण जौहर से लेकर कई निर्माता-निर्देशक हैं। वैसे,इससे पहले शाहरुख कोलकाता नाइट राइडर्स के छह चीयरलीडर्स को एक टेलीविजन शो के जरिए चुन चुके हैं।
यानी, किस्मत अगर मेहरबान हुई तो दक्षिण अफ्रीका में मैचों के दौरान एक हीरोइन का भी जन्म होगा।