HindiLok.com  
Home | Login | Register
ipl t20 breaking news, views and astrology
spacer
 
भारतीय शेरों की दहाड़ से दहला शेर-ए-बांग्‍ला
Expert

मीरपुर, 25 जनवरी

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के करीब स्थित मीरपुर के अत्याधुनिक शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में मेजबान बांग्लादेश और भारत की क्रिकेट टीमों के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन भारत के तीन बल्लेबाजों-सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और गौतम गंभीर के नाम रहा। इन बल्लेबाजों ने अपनी-अपनी उपलब्धियों के कारण इस मैच को यादगार बना दिया।

तेंदुलकर ने जहां 143 रनों की शानदार पारी खेलकर अपने टेस्ट करियर का 45वां शतक पूरा किया, वहीं द्रविड़ ने 29वां शतक लगाकर क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाज माने जाने वाले आस्ट्रेलिया के सर डोनाल्ड ब्रैडमैन की बराबरी की। गंभीर हालांकि 32 रन के अंतर से ब्रैडमैन के लगातार छह टेस्ट शतक के रिकार्ड से चूक गए लेकिन 68 रनों की उम्दा पारी के दौरान उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान विवियन रिचर्ड्स के लगातार 11 अर्धशतकों के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली।

सबसे पहले बात तेंदुलकर की। टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक रनों और शतकों का रिकार्ड अपने नाम कर चुके तेंदुलकर ने 45वां शतक लगाकर अपने रिकार्ड को और पुख्ता किया। शतकों के मामले में आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिग ही उनके सबसे करीब हैं। पोंटिंग के नाम 39 शतक हैं लेकिन तेंदुलकर जिस रफ्तार से शतक पर शतक लगाते जा रहे हैं, उससे यही लगता है कि वह इस वर्ष के अंत तक अंतर्राष्ट्रीय मैचों में शतकों का शतक पूरा कर लेंगे।

तेंदुलकर के नाम अभी 90 शतक दर्ज हैं। वनडे मैचों में भी उन्होंने 45 शतक लगाए हैं। सर्वाधिक रनों के मामले में तेंदुलकर अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पोंटिंग से काफी फासला कायम कर चुके हैं। तेंदुलकर के नाम 13234 रन दर्ज हैं जबकि पोंटिग ने अब तक 11859 रन बनाए हैं।

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 11953 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। लारा संन्यास ले चुके हैं और यही कारण है कि इस दौड़ में तेंदुलकर के अलावा सिर्फ पोंटिंग और काफी हद तक द्रविड़ रह गए हैं, जिनके नाम 11395 रन दर्ज हैं।

जहां तक द्रविड़ की बात है तो एकदिवसीय टीम से 'जबरन' निकाले जाने के बाद उन्होंने टेस्ट मैचों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। तब से लेकर आज तक उनकी बल्लेबाजी काफी निखर गई है। खराब बल्लेबाजी के कारण कप्तानी छोड़ने वाले द्रविड़ ने सोमवार को अपना 29वां टेस्ट शतक पूरा किया और ब्रैडमैन की बराबरी पर खड़े हो गए।

अब द्रविड़ की निगाह टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके आस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन (30), आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ (32), दक्षिण अफ्रीकी हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस (33), लारा और भारत के महानतम सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर (34) तथा पोंटिंग (39) के रिकार्ड पर है। तेंदुलकर और गावस्कर के बाद टेस्ट मैचों में सर्वाधिक शतक लगाने वाले वह तीसरे बल्लेबाज हैं जबकि रनों की दौड़ में वह भारत के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं।

अपने करियर के सबसे अच्छे समय से गुजर रहे गंभीर ने इस सत्र में सभी रिकार्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने सबसे अधिक शतक लगाने के अलावा सबसे अधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज होने का गौरव हासिल किया है। इसी का नतीजा है कि वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

गंभीर ने सोमवार को 68 रन बनाने के साथ टेस्ट मैचों में लगातार 11 अर्धशतक लगाने के रिचर्ड्स के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली । गंभीर ने 17 अक्टूबर, 2008 से 25 जनवरी, 2010 के बीच 11 टेस्ट मैचों में 67, 104, 206, 36, 19, 66, 179, 97, 72, 30 नाबाद, 16, 137, 23, 167, 1, 114, 23, 116 और 68 रनों की पारियां खेली हैं।

दूसरी ओर, रिचर्ड्स ने 23 जनवरी, 1976 से 18 फरवरी, 1977 के बीच 11 मैचों में 30, 101, 50, 98, 142, 130, 20, 177, 23, 64, 232, 63, 4, 135, 66, 38, 291, 32 और 92 रनों की पारियां खेली थीं। इस फेहरिस्त में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ईडी वीक्स, इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट, हेडन, कैलिस और तेंदुलकर नौ-नौ अर्धशतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

2653
Upcoming Stories
  सचि‍न ने हार के लि‍ये गेंदबाजों को जि‍म्‍मेदार ठहराया
  चैम्पियंस लीग : लायंस ने मुंबई इंडियंस को 9 रनों से हराया
  चैम्पियंस लीग : मुंबई इंडियंस को मिला 187 रनों का लक्ष्य
  मुंबई इंडि‍यंस ने जीता टॉस, लॉयन्‍स को बल्‍लेबाजी का न्‍योता
  चैम्पियंस लीग : वारियर्स और वायंबा में होगी जोरदार भिड़ंत

 
IPL Top Stories in Hindi
  • सचि‍न ने हार के लि‍ये गेंदबाजों को जि‍म्‍मेदार ठहराया
  • चैम्पियंस लीग : वारियर्स और वायंबा में होगी जोरदार भिड़ंत
  • ऑस्‍ट्रेलि‍या के खि‍लाफ बोर्ड XI की कमान गौतम गंभीर को
  • आज घर लौटेगी पाक क्रि‍केटरों की दागी ति‍कड़ी
  • स्‍ट्रॉस को यकीन, वि‍वादों से उबर आयेगा क्रि‍केट
  • सचि‍न का नया टारगेट, टी-20 में लगाना चाहते हैं शतक
  •  
    IPL Top Stories in English
  • Schedule and Time-Table of Champions League T-20
  • Don't ban Pakistan from world cricket, says Ponting
  • An IPL player suspected of manipulating matches: report
  • Butt, Akmal asked to hand over their mobile records
  • McGrath gets engaged to girlfriend Sara
  •  
     
     
     

     

    Feedback | Advertise with us | T20 Live Score | Horoscope & Astrology | Horoscope 2010 & Astrology 2010