नयी दिल्ली, 5 जून,
टी-20 वर्ल्ड कप में यूं तो भारतीय टीम में धुरंधरों की भरमार है, लेकिन अभिनेता मनोज बाजपेयी का दांव रोहित शर्मा और सुरेश रैना पर है। मनोज बाजपेयी का मानना है कि इन दोनों खिलाड़ियों में बेजोड़ हुनर है। मनोज कहते हैं- ये दोनों बल्लेबाज बेहतरीन फॉर्म में हैं,और हिन्दुस्तान को अभी इनके टेलेंट से पूरी तरह रुबरु होना बाकी है।
भारत का आज वर्ल्ड कप में पहला मैच बांग्लादेश से है,जो अपेक्षाकृत आसान है। लेकिन, मनोज बाजपेयी का कहना है कि आप किसी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। मनोज कहते हैं- भारतीय टीम से बहुत उम्मीदें हैं। क्योंकि,जो टीम एक बार वर्ल्ड कप जीत जाती है, उससे आपकी उम्मीद लाजिमी है। लेकिन, ये नाइंसाफी है। खेल में आप हमेशा अपने खिलाड़ियों से ज्यादा की उम्मीद रखते हैं। आज भी हम लोग सचिन के मैदान पर उतरते ही शतक ही उम्मीद लगाते हैं। सोचिए,उम्मीदों का कितना बोझ डालते हैं हम खिलाड़ियों पर। लेकिन,मैं अपनी टीम से जीत की उम्मीद जरुर रखूंगा। हां, अगर वो अच्छा खेलने के बावजूद हार भी जाए तो कोई मलाल नहीं।
मनोज बाजपेयी ने फिल्म ‘जेल’ की शूटिंग के दौरान करजत में अपनी वैन और सैट पर भी टेलीविजन की व्यवस्था की थी ताकि आईपीएल के मैचों को लगातार देखा जा सके। इस बार उनका ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है क्योंकि वो लगातार इधर से उधर घूम रहे हैं अलबत्ता भारत सेमीफाइनल तक पहुंचा तो वो लंदन जाने का प्रोग्राम जरुर बना सकते हैं। मनोज कहते हैं - ये विकल्प खुला है। अगर सारे दोस्तों ने ऐसा कार्यक्रम बनाया तो मैं भी सेमीफाइनल या फाइनल देखने लंदन जा सकता हूं।