पोर्ट एलिजाबेथ, 28 अप्रैल, आईपीएलखबरडॉटकॉम।
पोर्ट एजिलाबेथ के सेंट जॉर्जेस पार्क में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले के बीच सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या की पारियां दर्शकों को जितना दीवाना बना रही थी, कुछ उतना ही शाहरुख खान, जूही चावला, प्रीति जिंटा, शिल्पा शेट्टी, और रवीना टंडन जैसे बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी भी।
दक्षिण अफ्रीका में बॉलीवुड सितारों की लोकप्रियता भारत से कम नहीं दिखती। शायद इसकी एक वजह आईपीएल के मैच भी हैं,जिसे देखने के लिए भारत से हज़ारों दर्शक दक्षिण अफ्रीका पहुंचे हैं। और इन दर्शकों के बीच बॉलीवुड सितारों की लोकप्रियता क्रिकेट सितारों सरीखी है।
कोलकाता नाइट राइडर्स सेंटजॉर्जेस पार्क में लगे बड़े स्क्रीन पर मुकाबले के बीच भी कभी शाहरुख, प्रीति, शिल्पा या जूही चावला की तस्वीर दिखायी देती, लोग खुशी से झूम पड़ते। चेन्नई से छात्रों का एक ग्रुप ही सिर्फ शाहरुख की टीम को सपोर्ट करने यहां पहुंचा है। इस ग्रुप के एक सदस्य गुंडप्पा पेरुमल का कहना था-वो सिर्फ शाहरुख खान के चक्कर में यहां आए हैं। मुंबई से कहीं ज्यादा आसान यहां शाहरुख से मिलना है। हमें यहां मैच के दौरान भी एक दो बार शाहरुख की झलक दिख गई। बस, ग़म इतना है कि मैं उनसे हाथ नहीं मिला पाया। दिल्ली में होटल इंडस्ट्री से जुड़े राजीव निगम भी यहां बॉलीवुड हस्तियों से मिलकर खुश दिखे। राजीव के मुताबिक, दिल्ली में बॉलीवुड के लोगों से मिलना इतना आसान नहीं है। लेकिन, यहां तो सितारे भी जमीन पर रहकर मिलते हैं।
वैसे,सिर्फ शाहरुख नहीं,बॉलीवुड के तमाम सितारों को यहां लोग अच्छी तरह जानते हैं। डरबन में तो ‘मिनी इंडिया’ बसा ही है, बाकी शहरों में भी लोग हिन्दी फिल्में शौकीन से देखते हैं। इसी वजह से वो बॉलीवुड के तमाम सितारों को पहचानते हैं। पोर्टएलिजाबेथ में लोग रवीना टंडन को देखकर तालियां बजाने लगे,जो मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करने यहां पहुंची हैं। रवीना टंडन को फिल्में छोड़े काफी वक्त बीत चुका है,लेकिन लोगों के बीच उनकी पहचान अभी भी एक अभिनेत्री की ही है।
फिलहाल,आईपीएल का खुमार यहां लोगों के बीच चढ़ रहा था। साथ ही,बॉलीवुड सितारों से मिलने की इच्छा भी उफान मार रही है। आईपीएल को खत्म होने में अभी 20 दिन से ज्यादा बाकी है। मुमकिन है आखिरी दिनों में कुछ और बॉलीवुड सितारे यहां आएं। ऐसे में,दर्शकों को कई बड़े सितारों की झलक पाने का मौका मिल सकता है।
इस बीच, जानकारों का कहना है कि बॉलीवुड की फिल्मों को दक्षिण अफ्रीका में आईपीएल के बाद नया बाजार मिल सकता है। और मुमकिन है कि अब यहां हिन्दी फिल्मों की शूटिंग भी कुछ ज्यादा ही हो।