कोलकाता, 26 अप्रैल।
आईपीएल-2 शुरु होने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स ने टेलीविजन पर रिएलिटी शो के जरिए चीयरलीडर्स को चुन खूब पब्लिसटी बटोरी। एनडीटीवी इमेजन और विजय टीवी पर इन रिएलिटी शो का खूब प्रचार हुआ। रिएलिटी शो 'नाइट्स एंड एंजल्स' में तो चीयरलीडर्स को चुनने के लिए खुद शाहरुख-जूही-सौरव बतौर जज बैठे। और सेलेब्रिटी जज के तौर पर दीपिका पादुकोण तक को बुलाया गया। दूसरी तरफ, विजय टीवी पर भी पूर्व क्रिकेटर सदगोपाल रमेश बतौर जज मौजूद थे।
लेकिन,आईपीएल-2 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स की चुनी गई छह देशी चीयरलीडर्स और सुपर किंग्स की चुनी पूरी एक टीम को पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को चीयर करने का मौका तक नहीं मिला।
बड़ी खबर ये है कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने सभी चीयरलीडर्स को रिटर्न टिकट थमा वापस भारत भेज दिया है। इन लड़कियों को किसी भी मैच में चीयर करने का मौका नहीं दिया गया। दक्षिण अफ्रीका में दस दिन गुजारने के बाद सभी लड़कियां को भारत भेज दिया गया, क्योंकि स्थानीय बोर्ड चाहता था कि लोकल लड़कियों को ही बतौर चीयरलीडर उतारा जाए।
इंडियन एक्सप्रेस में सूत्रों के हवाले से छपी खबर के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीकी बोर्ड ने बीसीसीआई को इस बाबत सुझाव दिया। और बीसीसीआई के कहने पर नाइट राइडर्स ने सभी लड़कियों को हटा लिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स के रिएलिटी शो के जरिए चुनी गयी चीयरलीडर अनन्या बेरा इस कदम से आहत हैं। उनके मुताबिक,हम लोग बहुत उत्साहित थे,लेकिन हमें बताया कि हर परफॉर्म नहीं कर रहे हैं। अनन्या के मुताबिक,शाहरुख ने सभी लड़कियों से कहा है कि वो अगले आईपीएल में टीम को जरुर चीयर करेंगी।
रिएलिटी शो नाइट्स एंड एंजल्स में कई लड़कियों ने हिस्सा लिया। इनमें सिर्फ कोलकाता की लड़कियां शामिल नहीं थीं। बल्कि पूरे देश की लड़कियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद, सिर्फ छह लड़कियों को चुना गया। सभी लड़कियां शाहरुख की टीम की चीयरलीडर बनकर खासी खुश थीं। ऐसी ही एक लड़की सौम्यता ने दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले कहा था, मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं कोलकाता के लिए चीयर करुंगी।मेरे लिए कोलकाता की चीयरलीडर बनना भी बड़ी बात है क्योंकि सैकड़ों लड़कियों के बीच से सिर्फ छह लड़कियों को चुना गया है,जिनमें मैं एक हूं।
सौम्यता ने ये भी कहा था कि वो इस बात से बेहद खुश है कि देश में अब चीयरलीडर्स के बारे में लोग जान रहे हैं। टूर्नामेंट के दक्षिण अफ्रीका शिफ्ट हो जाने के बारे में सौम्यता का कहना था कि उन्हें इस बात का मलाल होगा कि वहां उन्हें चीयर करने के लिए उनके अपने लोग नहीं होंगे।
दरअसल,नाइट राइडर्स हो या चेन्नई सुपर किंग्स-दोनों ही टीमों के सभी चीयरलीडर्स रिएलिटी शो के जरिए चुनकर बेहद खुश थे। आखिर,बड़े मंच से उन्हें चुना गया था। लेकिन,इन लोगों को परफॉर्म करने का मौका नहीं दिया गया।
चेन्नई के चीयरलीडर्स के बारे में औपचारिक तौर पर भले कोई ऐलान नहीं किया गया,लेकिन मुकाबलों में मौजूद लोगों के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स की देशी चीयरलीडर्स कहीं दिखायी नहीं देती। दूसरी तरफ,नाइट राइडर्स ने तो अपनी चीयरलीडर्स वापस ही भेज दी।
सवाल यही है कि अगर देशी चीयरलीडर्स को लेकर दोनों टीमों को इतनी उलझन थी तो फिर रिएलिटी शो जैसी नौटंकी क्यों की गई। और,सारा मामला दक्षिण अफ्रीका में आईपीएल होने का है,तो फिर इन लड़कियों को वहां क्यों ले जाया गया?
बात सिर्फ पैसे की नहीं है,लड़कियों की अपनी अदद उपलब्धि की भी है। उनके कीमती समय की बर्बादी की भी है। रिएलिटी शो में हिस्सा लेना, फिर जीतने के लिए जबरदस्त मेहनत करना आसान नहीं है। लेकिन,इन्हें मिला क्या?
दरअसल,कोलकाता नाइट राइडर्स के इस फैसले के बाद एक बात तय है कि अगली बार बाकी टीमें अगर रिएलिटी शो के जरिए चीयरलीडर्स चुनना चाहेंगी तो लड़कियों में उत्साह शायद न दिखे।