केप टाउन, 22 अप्रैल।
शाहरुख खान और सलमान खान की 'दुश्मनी' की खबर अब जगजाहिर है। लेकिन, अब ये जंग आईपीएल के मैदान में भी दिखेगी। जी हां, करन-अर्जुन अब आमने-सामने होंगे। दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान की टीम के खिलाफ सलमान खान ने भी मोर्चा खोल लिया है। सलमान अब प्रीति जिंटा की किंग्स इलेवन पंजाब की टीम की हौसलाफसाई करने के लिए दक्षिण अफ्रीका जाएंगे।
सलमान खान किन-किन मुकाबलों में पंजाब के खिलाडियों को चीयर करेंगे, ये अभी साफ नहीं है। लेकिन, इतना लगभग तय है कि वो तीन मई को जरुर किंग्स इलेवन का उत्साह बढ़ाएंगे क्योंकि इस दिन टीम का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।
सलमान खान की प्रीति जिंटा से पुरानी दोस्ती है। और प्रीति सितारों से टीम की हौसलाफसाई कराने की कोशिश करती रहती हैं। इसी सिलसिले में प्रीति ने बिग बी अमिताभ बच्चन से भी गुजारिश की थी कि वो एक विज्ञापन में टीम की हौसलाफसाई करें। अमिताभ ने उनके इस अनुरोध को मान लिया था। बिग बी ने इस बात का जिक्र अपने ब्लॉग पर भी किया था।
अब,प्रीति जिंटा ने सलमान को साथ जोड़कर टीम की स्टार वैल्यू बढ़ा ली है। खुद प्रीति बॉलीवुड स्टार हैं, और अब सलमान के आने से स्टार वैल्यू और बढ़ जाएगी।
लेकिन,शाहरुख खान-जूही जावला की कोलकाता नाइट राइडर्स के पास भी सितारों की कमी नहीं है। पिछले सीजन में दर्शक इसका नमूना देख चुके हैं।
बहरहाल, सितारों की इस जंग में कौन सा सितारा भारी रहेगा-ये मुकाबले के नतीजों से तय होगा। और नतीजा सितारे नहीं,मैदान पर खिलाड़ी तय करते हैं।