
डरबन, 21 अप्रैल।
आईपीएल के दूसरे सीजन में पहली जीत दर्ज करने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान ने उम्मीद जताई कि अब उनकी टीम लय में आ जाएगी।
टेलीविजन चैनल सैटमैक्स पर मंदिरा बेदी के साथ बातचीत में शाहरुख खान ने कहा कि सौरव गांगुली को हटाने, मैकुलम को कप्तान बनाने जैसे फैसलों पर बहुत विवाद हुआ है लेकिन टीम के भीतर इन मसलों का कोई मतलब नहीं है। शाहरुख खान ने गांगुली को अपना बेहतरीन दोस्त बताते हुए कहा, वो बेहतरीन खिलाड़ी है। पंजाब के खिलाफ उन्होंने दो शानदार विकटे लिए। और मैं उम्मीद करता हूं कि वो प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनें।
आईपीएल में दो अन्य टीमों की मालिक बॉलीवुड हस्तियों के होने के बाबत पूछे गए एक सवाल के बारे में शाहरुख ने मुस्कुरा कर कहा, वो महिलाओं से नहीं लड़ते। शाहरुख ने कहा,मंदिरा चाहे तुम हो, शिल्पा हो या प्रीति-सभी को मेरी फिल्म से अपना ब्रेक मिला, लिहाजा मैं नहीं समझता कि कोई भी मुझसे लड़ेगा।
लेकिन,सबसे दिलचस्प बात शाहरुख ने कही डकवर्थ लुइस नियम के बारे में। शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में सवाल उठाया कि उन्हें डकवर्थ लुइस के बारे में ज्यादा नहीं पता लेकिन ये समझ नहीं आता कि हमेशा बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को ज्यादा फायदा क्यों होता है। शाहरुख ने कहा,मैं एक बार डकवर्थ और लुइस साहब से जरुर मिलना चाहूंगा।
कोलकाता की अलीपुर जेल में कैदियों के आईपीएल देखने की मांग को लेकर भूख हड़ताल के बारे में भी शाहरुख ने अपनी राय रखी। शाहरुख ने जेल अधिकारियों से गुजारिश कि कैदियों को आईपीएल देखने का मौका दिया जाना चाहिए, अगर ये कानून के तहत हो। शाहरुख ने कहा कि कम से कम कोलकाता नाइट राइडर्स सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचे तो उन्हें मौका जरुर देना चाहिए।