आईपीएल के दूसरे सत्र के उद्घाटन मैच को पहले सत्र की तुलना में ज्यादा दर्शकों ने देखा था, लेकिन सैट मैक्स चैनल को पिछले साल जितनी टीआरपी नसीब नहीं हुई थी। लेकिन, दूसरे दिन के मैचों की टीआरपी आते ही विज्ञापन कंपनियों का दिल खुश हो गया है।
इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे दिन यानी 19 अप्रैल के दोनों मुकाबलों को पिछले साल की तुलना में ज्यादा टीआरपी मिली है। इनमें दोपहर में शुरु हुए मुकाबले की टीआरपी भी शामिल है। टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट मापने वाली कंपनी ए-मैप के मुताबिक 19 अप्रैल के पहले मुकाबले यानी दिल्ली डेयरडेविल्स और पंजाब किंग्स इलेवन के मैच की टीआरपी 3.9 तक पहुंच गई। पिछले साल दूसरे दिन के दोपहर के मुकाबले की टीआरपी महज 2.9 फीसदी थी।
19 अप्रैल के दूसरे मैच की टीआरपी भी शानदार रही। पिछले साल दूसरे दिन के दूसरे मुकाबले की टीआरपी 3.4 फीसदी थी,जो इस बार 3.5 फीसदी हो गई।
आईपीएल के दूसरे दिन दर्शकों की संख्या में भी खासी बढ़ोतरी हुई। पिछले साल पहले मुकाबले की दर्शक संख्या 46 लाख थी,जो इस बार बढ़कर 56 लाख हो गई। जबकि,दूसरे मुकाबले की दर्शक संख्या 54 लाख से बढ़कर 66 लाख हो गई।
निश्चित रुप से आईपीएल के मुकाबलों की इन टीआरपी से विज्ञापनदाता कंपनियां खासी खुश हैं। दरअसल, मंदी के मौसम में भी उन्होंने आईपीएल पर दांव लगाया है क्योंकि पिछले साल आईपीएल का सुरुर लोगों के सिर चढ़कर बोला था। अब,लगातार दर्शक संख्या और चैनल की टीआरपी बढ़ने से विज्ञापनदाता कंपनियों को राहत है कि उन्होंने सही सौदा किया है।