
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल।
टेलीविजन स्क्रीन पर फ्लैश के रुप में उभार लेती पट्टियां मध्य प्रदेश में एक विधायक के कत्ल की कहानी बता रही हैं, लेकिन स्क्रीन बंगलोर रॉयल चैलेंजर्स की नयी खूबसूरत चीयरलीडर्स से दर्शकों को रुबरु करा रहा है। फिर, निगाहों का सिर्फ चीयरलीडर्स पर टिकना लाज़िमी है। लेकिन, जिन लोगों ने इन सुंदरियों को साक्षात देखा, वो तो इस पल को कभी न भूलने वाला मान चुके हैं। बंगलोर में 15 अप्रैल को विजय माल्या की वेरसिटी चीयरलीडर्स ग्रुप की सुंदरियों ने सड़क पर परेड की तो लोग उन्हें देखने को मचल उठे। आईपीएल के 2008 सत्र से जुदा पोशाक थी इनकी। इस बार सफेद और नीली ड्रेस में ये लड़कियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। पिछली बार की पीली और लाल रंग की पोशाक को अलविदा कह दिया गया है। फिर,अमेरिका व्हाइटचीफ ग्रुप की जगह माल्या ने इस बार वेरसिटी ग्रुप की चीयरलीडर्स को सीधे अमेरिका से बुलाया है।
लेकिन, बात सिर्फ विजय माल्या की बंगलोर रॉयल चैलेंजर्स की अमेरिकी सुंदरियों की नहीं है। कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान ने भी एनडीटीवी इमेजिन पर एक रिएलिटी शो ‘ नाइट्स एंड एजल्स ’ के जरिए छह खूबसूरत बालाओं को अपनी चीयरलीडर बनाया है। इनमें दो स्कूली लड़कियां भी शामिल हैं। इसी तरह, चेन्नई सुपर किंग्स की चीयरलीडर्स भी तमिल चैनल विजय पर हुए एक कांटेस्ट के जरिए चुनी गई हैं।
दक्षिण अफ्रीका में शुरु हो रहे आईपीएल-2 में किसी भी टीम के खिलाड़ी और दर्शक चीयरलीडर्स की हौसलाफसाई से दूर न रहें, इसके लिए सभी फ्रेंचाइजी ने खासे इंतजाम किए हैं। हालांकि, चीयरलीडर्स की संख्या में कुछ कमी की ख़बर जरुर है, लेकिन वो मैदान में उत्साह जरुर बढ़ाएंगी।
दरअसल, आईपीएल टीमों के फ्रेंचाइजी मालिक इस बार टूर्नामेंट के दक्षिण अफ्रीका में होने से बेफ्रिक हैं। उन्हें मालूम है कि इस बार चीयरलीडर्स की अदाएं दर्शकों पर क़हर बरपाएंगी तो उन पर डंडा बरपाने वाला कोई नहीं होगा। आईपीएल के पहले सत्र मे चीयरलीडर्स की भाव-भंगिमाओं पर खासा बवाल मचा था। दिल्ली डेयरडेविल्स ने बीच सत्र में अपनी चीयरलीडर्स को वापस भेज दिया था। एक विदेशी चीयरलीडर ने आरोप लगाया था कि भारतीय दर्शक बहुत फब्तियां कसते हैं। दो अश्वेत चीयरलीडर्स ने अपने फ्रेंचाइजी पर ही आरोप लगाया कि उन्हें सिर्फ इसलिए मौका नहीं मिला क्योंकि वो अश्वेत हैं। इसके अलावा, नैतिकता के झंडाबरदार सड़क पर भी उतर आए थे। चीयरलीडर्स के डांस को अश्लील पाए जाने पर फ्रेंचाइसी मालिकों को सजा की बात भी कही गई थी। इस सबका नतीजा ये हुआ था कि चीयरलीडर्स की पोशाकों की लंबाई को बढ़ाया गया था। उन्हें सख्त हिदायत दी गई थी कि कहीं कोई ऐसा ‘डांस स्टेप’ न करें, जो शालीनता की सीमा लांघता हो। महाराष्ट्र में तो चीयरलीडर्स पर ही पाबंदी लगा दी गई थी।
आईपीएल के दूसरे सत्र में फ्रेचाइजी मालिक खुश हैं कि उन्हें इस तरह के बवाल का सामना नहीं करना पड़ेगा। विदेशी मुल्क में चीयरलीडर्स अपनी अदाओं और जलवों का भरपूर प्रदर्शन करेंगी। वैसे, कुछ देशी चीयरलीडर भी दक्षिण अफ्रीका में टूर्नामेंट होने से खुश हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक चीयरलीडर ने कहा, भारत के दर्शक अभी चीयरलीडर्स के कांसेप्ट को अभी ठीक से समझ ही नहीं पाए हैं। उनके लिए डांस करती लड़कियां सिर्फ छेड़ने और मज़ा लेने के लिए हैं। लेकिन, दक्षिण अफ्रीका में ऐसा नहीं होगा।
दक्षिण अफ्रीका में चीयरलीडर्स के लिए ड्रेस कोड जैसी कोई बात नहीं होगी। यानी नाचती-इठलाती-बलखाती,रंग बिरंगे कपड़े पहनी चीयरलीडर्स इस बार पूरी उन्मुक्तता के साथ दर्शकों के सामने होंगी। एक आशंका ये भी है कि कुछ चीयरलीडर्स बिकनी पहने मैदान में दिखायी दें। अमेरिका-यूरोप में चीयरलीडर्स की ये ड्रेस हैरान नहीं करती, लेकिन भारत में इस पर बवाल मच सकता था। हां, अब दक्षिण अफ्रीका में जलवा किस पोशाक से छनकर बाहर आएगा- ये 18 अप्रैल को ही मालूम होगा। इतना जरुर है कि आईपीएल भले विदेश में हो रहा हो, टेलीविजन स्क्रीन के जरिए भारतीय दर्शक ही उसके रोमांच से सबसे ज्यादा रुबरु होंगे। और वो दर्शक इन हसीनाओं के जलवों पर कैसे रिएक्ट करता है-ये देखना भी दिलचस्प होगा।