इंडियन प्रीमियर लीग से जुड़ी खबरें लोग अब आईपीएल के ट्विटर एकाउंट पर भी ले पाएंगे। आईपीएल-3 से जुड़ा एकाउंट(ट्विटरडॉटकॉम/आईपीएल) इन दिनों खासा सक्रिय है, और करीब दो हजार लोग इसे फॉलो कर रहे हैं। हालांकि,अभी इसके आधिकारिक होने का कोई ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन इस एकाउंट पर दी गई तमाम सूचनाओं के आधार पर इसे ऑफिशियल माना जा सकता है। लेकिन, बात आईपीएल के ट्विटर एकाउंट होने की नहीं है। बात है-इसके जरिए खेल प्रेमियों को मिलने वाली सूचनाओं की।
भारत में आईपीएल का क्रेज पिछले दोनों सत्रों के दौरान लोगों के सिर चढ़कर बोला। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका में होने के बावजूद आईपीएल का क्रेज कम नहीं हुआ। ऐसे में आईपीएल के दीवानों की संख्या में कमी आने के आसार नहीं है। ट्विटर के जरिए अगर क्रिकेटप्रेमियों को पल-पल की सूचना मिली तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। दिलचस्प यह कि आईपीएल से जुड़े कई ट्विटर एकाउंट सक्रिय हैं। आईपीएलखबरडॉटकॉम से लेकर क्रिकेट की तमाम दूसरी साइट पर ट्विटर एकाउंट संचालित हो रहे हैं, जिन पर टूर्नामेंट के दिनों में भरपूर सूचनाएं प्रवाहित होंगी। ट्विटर फीड फोन पर भी प्राप्त की जा सकती है,लिहाजा मैच के दौरान बस में,ट्रेन में अथवा यात्रा करने वाले लोगों को फोन पर ही एसएमएस के रुप में मैच से जुड़ी जानकारी मिलती रहेगी। आईपीएल आयोजक यूट्यूब पर मैच दिखाने के लिए गूगल से पहले ही समझौता कर चुके हैं।
वैसे, सिर्फ आईपीएल ही नहीं कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजकों ने भी फेसबुक और ट्विटर पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। कॉमनवेल्थ गेम्स से जुड़े इन खातों पर भी लगातार जानकारी मुहैया करायी जा रही है ताकि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले लोग लाभान्वित हों। हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स के पेज अभी उतनी तेजी से अपडेट नहीं हो रहे,जितनी उम्मीद की जाती है। ट्विटर पर बड़े टूर्नामेंट की मौजूदगी ने एक संदेश दे दिया है कि आने वाले दिनों में लाइव मैचों के दौरान लोगों को एक विकल्प और मिल गया है। ट्विटर पर संदेश पाना निशुल्क है,लिहाजा कई लोगों को यह मुनाफे का सौदा लग सकता है। वरना, मोबाइल पर मैच संबंधी जानकारी के लिए टेलीकॉम कंपनियों को एसएमएस करने में शुल्क लगता है। और जब 20-20 ओवर के मैच में जानकारी पल पल की चाहिए हो तो ये सौदा महंगा लगने लगता है। भारत में अमेरिका के बाद ट्विटर के सबसे अधिक उपयोक्ता हो चुके हैं, लिहाजा खेल आयोजकों के लिए इस मीडियम को नजरअंदाज करना मुश्किल था। फिलहाल,देखना यही है कि सोशल मीडिया पर आईपीएल देखने-सुनने और खबरें पाने में लोग कितनी दिलचस्पी दिखाते हैं?