पोर्ट एलिजाबेथ, 26 अप्रैल
आईपीएल-2 में कप्तान के रुप में खुद को साबित करने की चुनौती से जूझ रहे बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान कैविन पीटरसन के हाथ फिर निराशा लगी है। दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ यहां सेंट जॉर्ज पार्क में खेले कांटे के मुकाबले में बेंगलुरु को 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। तिलकरत्ने दिलशान की 67 रनों की शानदार पारी की बदौलत डेयरडेविल्स ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज कर डाली।
बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स के दिए गए 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली डेयर डेविल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सबसे पहले पेवेलियन लौटने वाले कप्तान वीरेन्द्र सहवाग सिर्फ सात रन बना सके थे। सहवाग का विकेट पंकज सिंह ने झटका।
दिल्ली की टीम ने अपना दूसरा विकेट सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के रूप में खोया था। पंकज सिंह की एक बाहर जाती गेंद पर बल्ला अड़ाने का खामियाजा भुगतने वाले गंभीर ने 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 16 रन बनाए। डिविलियर्स और दिनेश कार्तिक भी खास कमाल नहीं कर पाए, लेकिन दिलशान ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा। दिलशान ने 47 गेंदों में 67 रनों की पारी खेली।
वैसे,दिल्ली डेयरडेविल्स और बेगंलुरु रॉयल चैलेंजर्स के बीच एक वक्त मुकाबला बिलकुल बराबरी का था। एक हद तक पलड़ा बेंगलुरु की ओर झुका हुआ भी दिखा। लेकिन, जैक कालिस के 18वें ओवर में बेहद खराब फील्डिंग के चलते जहां न केवल बेंगलुर की टीम ने एक कैच छोड़ा बल्कि एक साधारण चौका भी छोड़ दिया। इस ओवर में दिल्ली ने 19 रन बटोरे। दबाव से मुक्त मिथुन मन्हास और दिलशान ने फिर कोई गलती नहीं की और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा कर दम लिया। युवा मन्हास ने 13 गेंदों में 26 रन बनाए।
इससे पहले, रॉयल चैलेंजर्स टीम ने आईपीएल के 14वें और दिन के पहले मुकाबले में कप्तान केविन पीटरसन (37), रॉस टेलर (31), मार्क बाउचर (36) और विराट कोहली (22) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत डेयर डेविल्स के सामने 150 रनों का लक्ष्य रखा।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए। उसने 15 ओवर के खेल में चार विकेट गंवाकर 100 रन बनाए थे। कोहली और बाउचर ने पांचवें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि इन दोनों के आउट होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स ने जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवा दिए।
कोहली ने अपनी 24 गेंदों की संतुलित पारी में एक चौका लगाया जबकि बाउचर ने अपनी छवि के अनुरूप तेजी से खेलते हुए 28 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए। बी. अखिल चार गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर नाबाद लौटे।
दूसरे ओवर में ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवाने वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम ने चौथा विकेट रॉस टेलर (31) के रूप में गंवाया था। कप्तान केविन पीटरसन (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़ने वाले टेलर को अमित मिश्रा ने बोल्ड किया।
जैक कालिस को डर्क नैन्स ने मैच की पहली गेंद पर ही बोल्ड किया जबकि अगले ही ओवर में रॉबिन उथप्पा को आशीष नेहरा ने प्रदीप सांगवान के हाथों कैच कराया।
दिल्ली की टीम ने अब तक तीन मैच खेले हैं। इनमें से तीनों में उसकी जीत हुई है। रॉयल चैलेंजर्स टीम अपने पांच में चार मैच हार चुकी है। अंक तालिका में वह दो अंकों के साथ आठवें स्थान पर है।