क्या किसी फ्रेंचाइसी मालिक को अपने शहर से इतनी परेशानी हो सकती है कि वो टीम के नाम से भी शहर को हटा दे? कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान के मामले में यही लग रहा है। बिजनेस स्टैंडर्ड में प्रकाशित एक खबर के मुताबिक शाहरुख खान जल्द ही कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम बदलकर सिर्फ नाइट राइडर्स कर सकते हैं। इतना ही नहीं, इस टीम का नया ठिकाना भी कोलकाता के बजाय अहमदाबाद हो सकता है।
बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक, केकेआर के मर्केंडाइज में से शाहरुख कोलकाता शब्द पहले ही हटा चुके हैं। केकेआर की मर्केंडाइज पार्टनर रीबॉक से जुड़े सूत्रों के मुताबिक सभी सामान से कोलकाता शहर का नाम हटाने का फैसला शाहरुख खान की कंपनी का है। इस वजह से ही टी शर्ट, मोजे, एक्सेसरीज और अन्य सामान से कोलकाता शहर का नाम हटाया गया है।
वैसे कंपनी नाइट राइडर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से पंजीकृत है और सभी वाउचर इसी नाम से ही जारी किए जाते हैं। दरअसल, कोलकाता में सात मैच आयोजित होने और सौरभ गांगुली के कप्तान के तौर पर जुड़ाव की वजह से ही आईपीएल के पहले सत्र में नाइट राइडर्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के तौर पर प्रचारित किया गया।
अखबार की मानें तो अगर इस साल भी मैच कोलकाता में ही आयोजित होते तब इन सभी ब्रांडेड नामों पर शायद कोलकाता का नाम ही चस्पां रहा होता। दूसरी ओर, सूत्रों पर यकीन करें तो सौरभ गांगुली को कप्तानी से हटाने के विवाद के बाद कंपनी कोलकाता के बजाय किसी दूसरे शहर को अपना बेस बनाने के बारे में सोच रही है।
सूत्रों का कहना है, 'केकेआर की पहचान कोलकाता की टीम के बजाय शाहरुख खान की टीम के तौर पर ज्यादा है और अहमदाबाद जैसे शहर में नया बेस बनाने से इसे कोई दिक्कत नहीं आएगी बल्कि प्रशासनिक मसलों पर सहूलियत होगी और बेवजह के विवादों से भी निजात मिलेगी।'
केकेआर के कोलकाता से बोरिया बिस्तर समेटने में कई बातें सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि पिछले साल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) ने शाहरुख की टीम से ज्यादा रकम की मांग की थी। इसके अलावा इस बात की भी खूब चर्चा है कि शाहरुख ने गांगुली से कंपनी को मनोरंजन कर में छूट देने के मसले पर मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य से बात करने को कहा था। गांगुली और भट्टाचार्य के मधुर रिश्ते जगजाहिर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद सौरभ ने इस मामले पर उनसे बात करने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद, सौरव गांगुली को कप्तानी से हटाए जाने के बाद शाहरुख को खासी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। शाहरुख ने इस बाबत ‘हेट मेल्स’ आने की भी बात कही है। मैकुलम को कप्तानी सौपे जाने के बाद कोलकाता में शाहरुख के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन भी हुए। शाहरुख इस बात से आहत हैं। दूसरी तरफ, सौरव गांगुली को अब टीम का कप्तान बनाया जाना संभव नहीं है, और कोलकाता के लोगों को अभी यह मंजूर नहीं है। शाहरुख इन झंझटों से बचना चाहते हैं।