शाहरुख खान । प्रीति जिंटा । और शिल्पा शेट्टी । बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे। आईपीएल में अपनी अपनी फ्रेंचाइजी के मालिक । हाई प्रोफाइल मालिक । तीनों का एक ख्वाब । आईपीएल में अपनी टीम को जीतते हुए देखना ।
लेकिन, आईपीएल के दूसरे सत्र में किस्मत मानो बॉलीवुड के इन सितारों से रुठी हुई है। आईपीएल की सबसे ताकतवर टीमों में एक कोलकाता नाइट राइडर्स डेक्कन चार्जर्स से हार गई। हार भी ऐसी वैसी नहीं-करारी हार। पिछले सीजन के सबसे फिसड्डी टीम डेक्कन चार्जर्स ने शाहरुख खान की नाइट राइडर्स को जोरदार शिकस्त दी।
- टेलीविजन स्क्रीन पर शाहरुख खान का उदास चेहरा इस बात की तस्दीक कर रहा था कि वो हार से निराश हैं। बहुत निराश ।
लेकिन, बात सिर्फ शाहरुख की नहीं है। प्रीति जिंटा की किंग्स इलेवन पंजाब भी रविवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के सामने पस्त हो गई। युवराज सिंह की कप्तानी में प्रीति की यह टीम 10 विकेट से मात खा गई। हालांकि, प्रीति के पास दिल को बहाने का एक बहाना है। वो ये कि अगर डकवर्थ नियम न होता-तो शायद उनकी टीम मैदान-ए-जंग में लड़ाई लड़ सकती थी। लेकिन,सचाई ये है कि वीरेन्द्र सहवाग और गौतम गंभीर ने किसी मौके पर किंग्स इलेवन को हावी होने का मौका नहीं दिया।
- टेलीविजन स्क्रीन पर प्रीति जिंटा मुकाबले से पहले जितनी चहकती दिख रही थी। हार के बाद उनका चेहरा उतना ही बुझा हुआ था।
सितारों की खराब किस्मत दिन के हिसाब से नहीं बदलती। प्रीति और शाहरुख तो रविवार को हारे, शिल्पा शेट्टी रविवार को हार गईं। लेकिन, शिल्पा के लिए यह हार कुछ ज्यादा ही दुखदायी रही। इसकी दो वजह थीं। पहली ये कि उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स आईपीएल के पहले सीजन की विजेता टीम थी। वो अंडरडॉग से बुलडॉग में तब्दील हुई थी। फिर, राजस्थान रॉयल्स की खूबियों के मद्देनजर ही शिल्पा शेट्टी ने इस टीम में इस साल 12 फीसदी हिस्सेदारी खरीद डाली। टीम को प्रमोट करने में उन्होंने पूरा जोर भी लगाया। लेकिन, शेन वार्न की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स पहले मैच में बुरी तरह परास्त हुई। पूरी टीम 58 रन पर ढेर हो गई और बेंगलुरु रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ 75 रनों से मात खा बैठी।
- टेलीविजन स्क्रीन पर शिल्पा का मुस्कुराता चेहरा हार के बाद ग़मगीन दिख रहा था।
दरअसल, बॉलीवुड सितारों की तीन टीमों को मिली तीन हार में एक फलसफा भी है। टीम भले आपकी है, लेकिन ये मिल्कियत नहीं। आपके दावे, आपकी रणनीति, आपका ख्वाहिश और आपके करोड़ों रुपए रखे के ऱखे रह जाते हैं। मैदान पर खिलाड़ी का हुनर, उसकी किस्मत और विपक्षियों के दांव काम आते हैं।
- पलाश पांडे