केपटाउन, 19 अप्रैल।
दिल्ली डेयरडेविल्स की जीत में वीरेन्द्र सहवाग और गौतम गंभीर ने तो बड़ी भूमिका निभायी है, लेकिन किंग्स इलेवन पंजाब की हार में बारिश सबसे बड़ी विलेन बन गई।
किंग्स इलेवन पंजाब के 12 ओवर में बनाए 105 रनों की चुनौती को पाने के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स मैदान में उतरी तो मुकाबला बराबर का था।
हालांकि,1.5 ओवर में सहवाग और गंभीर ने 24 रन जोड़कर अपने इरादे साफ कर दिए थे। लेकिन, फिर बारिश आई। ऐसी बारिश की डकवर्थ लुइस नियम के तहत मैच की अवधि और कम कर दी गई।
अब,दिल्ली के सामने लक्ष्य था-25 गेंदों में 30 रन बनाने का। आतिशी वीरेन्द्र सहवाग ने बिना गलती किए 7 गेंद बाकी रहते ही लक्ष्य पा लिया। सहवाग ने 16 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली।
इससे पहले, केपटाउन में बारिश के चलते मैच को 12 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर वीरेन्द्र सहवाग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से करन गोयल और रवि बोपारा ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। लुधियान के युवा बल्लेबाज करन गोयल ने अपने आक्रामक तेवरों से यहां सबका दिल जीत लिया। तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से 21 गेंदों में 38 रन बनाने के बाद गोयल आउट हुए तो अगली ही गेंद पर रवि बोपारा भी पैवेलियन लौट गए। लेकिन,दोनों बल्लेबाज छह ओवर में 67 रन जोड़ चुके थे।
इन दो बल्लेबाजों के बाद किंग्स इलेवन का कोई बल्लेबाज ज्यादा देर विकेट पर नहीं टिक पाया। 98 के स्कोर पर तो युवराज सिंह,महेला जयवर्धने और पीयूष चावला लगातार तीन गेंदों पर पैवेलियन लौट गए। हालांकि,डेनियर विटोरी के इस ओवर में पीयूष चावला रन आउट हुए। दिल्ली की तरफ से डेनियर विटोरी सबसे सफल गेंदबाज रहे,जिन्होंने तीन ओवर में महज 15 रन देकर 3 विकेट झटके।
किंग्स इलेवन ने 12 ओवर में 104 रन बनाए। ये लक्ष्य आसान नहीं था। लेकिन,वीरेन्द्र सहवाग और गौतम गंभीर ने इसे बड़ा लक्ष्य रहने नहीं दिया। फिर,बारिश ने उनका काम और आसान कर दिया।
अंक तालिका में दिल्ली डेयरडेविल्स अब एक मैच जीतकर दो अंक पा चुकी है,जबकि किंग्स इलेवन को अभी थोड़ा इंतजार करना होगा।