नयी दिल्ली,16 अप्रैल।
इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान अगर आप बड़े स्क्रीन यानी मल्टीप्लेक्स में बैठकर मैच देखने का मन बना रहे थे, तो अब इसे भूल जाइए। क्योंकि, आईपीएल मैनेजमेंट ने आखिरकार फैसला किया है कि मल्टीपेक्स को मैच दिखाने के अधिकार नहीं बेचे जाएंगे।
दिलचस्प ये है कि मल्टीप्लेक्स चेन मालिकों ने इसे आईपीएल कमेटी का डर करार दिया है। मल्टीप्लेक्स चेन मालिकों के मुताबिक, आईपीएल कमेटी थिएटरों में मैच दिखाने के लिए बड़ी रकम चाहते थे। लेकिन,उन्हें डर था कि जितनी बड़ी रकम वो चाहते हैं, उसके लिए को भी मल्टीप्लेक्स मालिक दांव नहीं लगाएगा। इसी आशंका के चलते उन्होंने अधिकार नहीं बेचने का फैसला किया है।
इस बीच, ईटी में छपी खबर के मुताबिक आईपीएल सीईओ सुंदर रमन ने कहा है इस साल उनका बड़े स्क्रीन पर मैच देखने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि,उन्होंने इसकी वजह बताने से इंकार कर दिया।
दूसरी तरफ,एक मल्टीप्लेक्स चेन के सीनियर अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आईपीएल कमेटी मल्टीप्लेक्स में मैच दिखाने के अधिकार देने के एवज में बड़ी रकम चाहती थी,और इस मंदी के माहौल में कोई भी इतनी बड़ी रकम देने को तैयार नहीं था।
आईपीएल कमेटी मल्टीप्लेक्स अधिकार कितने रुपए में बेचना चाहती थी,इसका खुलासा तो नहीं गया है। लेकिन,सूत्रों के मुताबिक, कमेटी ने 35 से 45 करोड़ रुपए की गारंटी मांगी थी। और अधिकार सिर्फ एक साल के लिए देने की बात कही थी।