नागपुर, 7 फरवरी
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हाशिम अमला ने टेस्ट मैचों में 3000 रन पूरे कर लिए हैं।
अमला ने विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर भारत के साथ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार को 229 रनों के व्यक्तिगत योग पर पहुंचने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया।
पारी घोषित होने के बाद अमला 253 रन बनाकर नाबाद लौटे। 28 नवंबर, 2004 को भारत के खिलाफ कोलकाता में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले अमला ने 42वें मैच की 73वीं पारी के दौरान यह आंकड़ा छुआ।
अमला ने अब तक आठ शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं। वह 3000 या उससे अधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के 13वें टेस्ट बल्लेबाज हैं।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक टेस्ट रन जैक्स कैलिस ने बनाए हैं। नागपुर टेस्ट मैच में अपना 34वां शतक लगाने वाले कैलिस के खाते में 10,780 रन दर्ज हैं।
इस सूची में भारतीय टीम के मौजूदा कोच गैरी कर्स्टन का नाम दूसरे स्थान पर है। कर्स्टन ने 101 मैचों में 21 शतकों की मदद से 7,289 रन बनाए थे।