मेलबर्न, 5 फरवरी
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली भले ही टेस्ट क्रिकेट में वापसी के सपने संजोए हों, लेकिन टीम के कोच टिम नीलसन को ऐसा नहीं लगता। नीलसन ने कहा कि उन्हें लगता है कि ली के लिये टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना मुश्किल है। नीलसन ने कहा कि ली के लिये क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में वापसी करना आसान नहीं है, हालांकि वनडे क्रिकेट में वे जरूर टीम के लिये उपयोगी साबित हो सकते हैं।
नीलसन ने कहा कि 32 वर्षीय ली ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम में जगह पाने के हकदार हैं, लेकिन उम्र और दिसंबर 2008 के बाद से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलने के कारण टेस्ट टीम में उसकी जगह पक्की नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर ली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना चाहते हैं तो इसमें कोई शक नहीं कि वनडे टीम में ही उसकी अहम भूमिका होगी। कंगारू कोच ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट उसके लिए चुनौती होगा क्योंकि पिछले 12-14 महीने से उसने खेला नहीं है। उसकी उम्र भी हो चली है और इतना क्रिकेट खेल पाना उसके लिए संभव नहीं होगा।