क्रिकेट अनिश्चितताओं से भरा खेल है। यहां एक गेंद,एक रन या एक विकेट मुकाबले का पासा पलट सकता है। किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स के बीच केपटाउन में खेले गए मुकाबले में भी यही अनिश्चितता टी-20 की खूबसूरती दिखाते हुए सामने थी।
कौन जीता :
किंग्स इलेवन पंजाब के बीस ओवर में बनाए 139 रनों का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम महज 112 रनों पर सिमट गई। राजस्थान रॉयल्स की पारी शुरु होने से पहले क्रिकेट पंडित वार्न के धुरंधरों की जीत को लगभग पक्का मान रहे थे, लेकिन मैदान पर खेल का नतीजा कुछ और निकला।
टर्निंग प्वाइंट :
राजस्थान रॉयल्स के लिए जीत की चुनौती सिर्फ 140 रनों की थी यानी उसे महज सात रन के औसत से रन बनाने थे। लेकिन, इरफान पठान ने पारी के दूसरे ओवर में स्वप्निल असनोडकर और ग्रीम स्मिथ को पैवेलियन भेजकर टीम को बैकफुट पर डाल दिया।
जल्दी गिरे इन दो विकेटों के दबाव से टीम मुक्त नहीं हो पायी। और नियमित अंतराल पर बल्लेबाज पैवेलियन लौटते गए। आलम ये कि शुरुआत के सात बल्लेबाजों में सिर्फ युसुफ पठान(10) और रवीन्द्र जड़ेजा(37) ही दो अंकों में पहुंच सके।
कमेंट्री :
इरफान पठान के दिए झटकों से दबाव में आई राजस्थान रॉयल्स को बड़ी मुश्किल में धकेला दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज युसुफ अब्दुल्ला ने। अब्दुल्ला ने पारी के पांचवे ओवर में रॉब क्वेनी और मैस्क्रेहेंस को पैवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस वक्त टीम का स्कोर था महज 27 रन। राजस्थान रॉयल्स की सारी उम्मीदें टिकी थी पिछले मैच के हीरो युसुफ पठान पर। लेकिन, इस मुकाबले में पठान भी कमाल नहीं कर पाए। पीयूष चावला ने करन गोयल के हाथों उन्हें कैच कराकर मैच तकरीबन जीत लिया। इसके बाद तो जीत-हार की औपचारिकता रह गई। हालांकि, रवीन्द्र जड़ेजा ने कप्तान शेन वार्न के साथ मिलकर पचास रनों से ज्यादा की साझेदारी कर जीत की एक उम्मीद जरुर जगायी लेकिन आखिरी ओवरों में 16-17 से ज्यादा के औसत से रन बनाना उनके लिए संभव नहीं हुआ। युसुफ अब्दुल्ला ने रवीनद्र जड़ेजा को 19वें ओवर में आउट कर पंजाब की जीत पक्की कर दी। वैसे,शेन वार्न ने भी 35 रनों की पारी खेली,जो किसी काम के साबित नहीं हुए।
वैसे, इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया तो उनकी शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। करन गोयल पहली ही गेंद पर रन आउट हो गए। फिर, रवि बोपारा, युवराज सिंह और महेला जयवर्धने के रुप में तीन विकेट और जल्दी जल्दी गिर गए। पंजाब के चार विकेट 50 रन से पहले गिर चुके थे। लेकिन,कुमार संगकारा ने 60 और इरफान पठान ने 39 रन की बेहतरीन पारियां खेल टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया।